डिंडौरी । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, जबलपुर संभाग ने मंगलवार को प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के तहत नगर परिषद शहपुरा एवं नगर पालिका डिंडौरी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद का अस्थायी प्रभार नए अधिकारियों को सौंपा गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
आदेश के अनुसार, नगर परिषद शहपुरा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी रीना राठौर को पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित किए जाने के बाद सीएमओ का पद रिक्त हो गया था। इसके चलते नियमित नियुक्ति होने तक दिनेश कुमार धानेश्वर, राजस्व उप निरीक्षक, नगर परिषद कटंगी (जिला बालाघाट) को शहपुरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है। उनका वेतन पूर्ववत नगर परिषद कटंगी से आहरित होगा।
वहीं, नगर पालिका डिंडौरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी के नगर परिषद धनपुरी (जिला शहडोल) स्थानांतरण के बाद डिंडौरी में भी सीएमओ का पद रिक्त हो गया था। इस स्थिति में नियमित सीएमओ की पदस्थापना तक वेद प्रकाश पुरी गोस्वामी, राजस्व उप निरीक्षक एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद बरघाट (जिला सिवनी) को नगर पालिका डिंडौरी के सीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उनका वेतन भी नगर परिषद बरघाट से ही आहरित होगा।
संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, जबलपुर संभाग द्वारा जारी दोनों आदेश 30 जून 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य दोनों नगरीय निकायों में विकास कार्यों और दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों को बिना किसी व्यवधान के संचालित रखना है।




