भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार को प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्यभर में 30 अधिकारियों के तबादले और नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल से जारी आदेश के अनुसार सहायक संचालक, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य एवं अन्य अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में पदस्थ अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्य करेंगे।
तबादला सूची में कटनी, रायसेन, भोपाल, बड़वानी, इंदौर, देवास, सागर, दतिया, ग्वालियर, उमरिया, नरसिंहपुर, सिवनी, सतना, झाबुआ, जबलपुर, सीधी, पन्ना, मुरैना, नर्मदापुरम, खंडवा सहित प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाना है। आदेश 30 जून 2026 से प्रभावी होगा।

