Dindori Breaking : शहर से बाहर शिफ्ट होंगे मीट-मछली बाजार,तय स्थान पर ही लगेंगी सब्जी दुकानें, नियम तोड़ने वालों पर गिरेगी गाज…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

सोमवार से निर्धारित स्थानों पर ही होगा बाजार संचालन, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

डिंडौरी। जिले को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बुधवार को अधिकारियों के साथ मुलैया टोला बायपास रोड स्थित मछली एवं मीट मार्केट तथा प्रस्तावित नए सब्जी मंडी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाजारों को निर्धारित स्थानों पर संचालित कराने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि मछली एवं मीट बाजार की सभी दुकानें शहर से दूर निर्धारित स्थल मुलैया टोला में ही संचालित की जाएं। उन्होंने बाजार परिसर में पुताई, नियमित साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ दुकानों पर क्रमांक अंकित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाजार तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

कलेक्टर ने पुरानी डिंडौरी स्थित सब्जी मंडी के व्यापारियों के लिए रेस्ट हाउस के पीछे निर्धारित नए सब्जी मंडी स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को यहां पेयजल, विद्युत, समतल मैदान, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बेहतर वातावरण मिल सके।

 

श्रीमती भदौरिया ने कहा कि मुख्य मार्गों पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित रूप से निर्धारित स्थलों पर स्थानांतरित किए जाने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। उन्होंने एसडीएम एवं नगर पालिका अधिकारियों को आगामी सोमवार से सभी दुकानों का संचालन निर्धारित स्थानों पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

कलेक्टर ने नगरवासियों से भी अपील की कि वे आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए निर्धारित बाजार स्थलों का ही उपयोग करें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के प्रशासनिक प्रयासों में सहयोग प्रदान करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामबाबू देवांगन, नगर पालिका अधिकारी रीना राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सरस, पार्षद रजनीश राय, रितेश जैन, स्मिता बर्मन, राजेश पाराशर, आशीष कोरी, सब इंजीनियर यशवंत, तहसीलदार शशांक सेंदे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *