Crime News : डिंडौरी में दिनदहाड़े चोरी, शिक्षक का रुपयों से भरा बैग लेकर युवक फरार….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा नगर में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। एक अज्ञात युवक शिक्षक का रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद नगर में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शिक्षक सोमवार दोपहर बैंक से करीब 50 हजार रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे शहपुरा नगर के एक चाय होटल में पानी पीने और कुछ देर रुकने के लिए बैठे। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने रुपयों से भरा बैग अपने पास रखा था, तभी पहले से नजर बनाए बैठे एक युवक ने मौका पाकर बैग उठाया और वहां से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक बैंक से ही शिक्षक का पीछा कर रहा था और सही मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में युवक बड़ी चालाकी से बैग लेकर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद नगरवासियों में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार और बैंक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *