डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिला जेल डिंडौरी का संयुक्त निरीक्षण एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन एवं एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोजनशाला, पुरुष बैरक एवं महिला बंदी गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा भोजन की गुणवत्ता में और सुधार लाने के निर्देश दिए। जेल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं बैरकों की सघन जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई।
बंदियों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें नाश्ता एवं भोजन अच्छी गुणवत्ता का उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने विषम परिस्थितियों में बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर संबंधित अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक पत्राचार करने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने बंदियों को जेल में रहते हुए अच्छे कार्य करने, पढ़ाई जारी रखने तथा अच्छा व्यवहार बनाए रखने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
