Crime News : डिंडौरी पुलिस का बड़ा खुलासा: 5 चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, लाखों का माल बरामद….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है तथा उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया माल बरामद किया है।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित वर्मा एवं एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए आरोपी इरफान खान (19 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़की को गिरफ्तार किया, साथ ही एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया।

 

 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे और चोरी करने के बाद वाहनों का रंग बदलकर उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोटरसाइकिलें और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में से चार वाहन कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं, जबकि एक अन्य वाहन के मालिक की पहचान की जा रही है।

 

 

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान में मोटरसाइकिलों की कीमत लगभग 4 लाख 10 हजार रुपये तथा सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती करीब 5 लाख 18 हजार रुपये की है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस टीम एवं तकनीकी सेल की विशेष भूमिका रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *