डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में औषधि निरीक्षक द्वारा जिले के शाहपुर एवं विक्रमपुर क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जनता मेडिकल स्टोर्स, सूर्या मेडिकल स्टोर्स, शिव मेडिकल स्टोर्स, बालाजी मेडिकल स्टोर्स, हर्ष मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, गुप्ता मेडिकल स्टोर्स एवं शिल्पा मेडिकल स्टोर्स सहित कई प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई।
जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ दुकानों में फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं का विक्रय किया जा रहा था, वहीं बिल बुक का समुचित संधारण नहीं पाया गया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर एक्सपायरी दवाएं अन्य स्टॉक के साथ रखी मिलीं, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर्स को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया है।
साथही संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दवा विक्रय से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
