मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में वन्य जीव संरक्षण को लेकर वन विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र पूर्व करंजिया सामान्य के अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जंगली सुअर का मांस रखने और परिवहन करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल में ले जाया जा रहा जंगली सुअर का कच्चा मांस बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 की सुबह लगभग 7:30 बजे वन विभाग की टीम कबीर से चौरादादर मार्ग पर हर्रा मुनारा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर कुछ व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से जंगली सुअर का कच्चा मांस बरामद हुआ, जिसे मोटरसाइकिल के माध्यम से ले जाया जा रहा था।
मौके पर वन विभाग द्वारा पंचनामा और जप्ती की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद पांचों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विभाग ने धारा 2, 9, 39 (ब), 44, 48 (अ), 51 एवं 52 के अंतर्गत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद मांस का परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्य जीवों के शिकार, तस्करी और अवैध व्यापार जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि वन्य जीव संरक्षण को प्रभावी बनाया जा सके।




