डिंडौरी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में संचालित चना एवं मसूर खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर खाद्य शाखा जिला डिंडौरी ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बी-पेक्स डिंडौरी के प्रबंधक एवं निग्वानी खरीदी केंद्र प्रभारी रघुवर सिंह गौतम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस के अनुसार 19 मई 2026 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर द्वारा निगवानी खरीदी केंद्र स्थित एमपीडब्ल्यूएलसी गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसानों से खरीदी गई मसूर की बिना साफ-सफाई और ग्रेडिंग किए सीधे शासकीय बारदानों में भराई की जा रही थी। जांच में मसूर में सिकुड़े हुए दाने, कचरा और तेवड़ा की मात्रा अधिक मिलने से सामग्री अमानक स्तर की पाई गई।
निरीक्षण के दौरान गोदाम क्रमांक-19 में पिछले वर्षों की उपार्जित 5 बोरी मसूर घुनी हुई मिली। वहीं लगभग 250 शासकीय बोरियों में भरी मसूर के नमूनों में भी अमानक सामग्री पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा गोदाम क्रमांक-18 में लगभग 1200 बोरियों में भरी करीब 600 क्विंटल मसूर अमानक स्तर की पाए जाने पर वेयरहाउस कर्मचारियों द्वारा अलग रखवाई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम क्रमांक 18 एवं 19 में संग्रहित कुल 8200 क्विंटल मसूर में से मात्र 3560.5 क्विंटल का ही आर-टू-टी (टीसी) जारी किया गया था। इससे किसानों के भुगतान में देरी की स्थिति बनी हुई थी। निरीक्षण के दौरान कुल 725 क्विंटल मसूर अमानक स्तर की पाई गई।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में उपार्जन नीति की कंडिका 7, 8.7 एवं 10(3)(5), 10(3)(7) के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए संबंधित संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने एवं जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने संबंधी जवाब मांगा गया है। संबंधित प्रबंधक को नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।





