— अनूपपुर के जंगल में ओडिशा से लाई जा रही थी ₹2.10 करोड़ की खेप
मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। ओडिशा से मध्यप्रदेश लाई जा रही 599 किलोग्राम गांजा की खेप को तस्करी में प्रयुक्त ट्रक सहित जब्त किया गया है। जब्त गांजा का अनुमानित मूल्य लगभग ₹1.80 करोड़ और ट्रक की कीमत लगभग ₹30 लाख आंकी गई है। इस प्रकार कुल ₹2.10 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा से लगे अनूपपुर जिले के घने वन क्षेत्र में की गई। तलाशी के दौरान ट्रक में लोहे की चादरों से निर्मित विशेष गुप्त कम्पार्टमेंट पाया गया, जिसमें गांजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। STF ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
