भोपाल। नववर्ष 2026 के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने 28 दिसंबर की शाम से 1 जनवरी की रात तक पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग, गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि गत वर्ष पुलिस अधिकारियों और मैदानी बल की सक्रियता से असामाजिक व उपद्रवी तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रहा था। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी पुलिस पूर्ण मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी, ताकि नववर्ष शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।
निर्देशों के अनुसार सभी रैंक के फील्ड अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे। प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, छेड़खानी और महिलाओं के साथ होने वाली अभद्रता पर रोक के लिए पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। विशेष रूप से मॉल, बाजार, होटल, रिसॉर्ट, पिकनिक स्पॉट जैसे नदी, बांध, झील क्षेत्र तथा मंदिरों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों और अशांति फैलाने वाले तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को पहले ही नियंत्रित करने की रणनीति पर काम करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वीवीआईपी और वीआईपी सुरक्षा सहित सभी मोर्चों पर सतर्कता बरतने को कहा गया है। डीजीपी मकवाणा ने जिलों में होने वाली किसी भी महत्वपूर्ण घटना की जानकारी तत्काल पुलिस मुख्यालय को साझा करने और विशेष शाखा (एसबी) द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।
