मध्यप्रदेश के मंडला जिले के कटरा ग्राम पंचायत में आज गुरुवार रात लगभग 8 बजे हीरो शोरूम के पास स्थित आयुषी ज्वेलर्स में चार नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज़ में धावा बोला और पलक झपकते ही लूटपाट को अंजाम दे दिया। सूत्रों के अनुसार, लूटपाट के दौरान आरोपियों ने दुकान संचालक संतोष ज्वैलर्स के बेटे आयुष को नज़दीक से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल आयुष को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उपचार जारी है।
घटना के तुरंत बाद चारों हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुकान तथा आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। जिले भर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस साहसिक डकैती ने इलाके में दहशत और आक्रोश फैलाया है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस घटना का खुलासा किया जाएगा।





