Breaking News : शिक्षकों की शिकायत पर गिरी गाज, हर्रई बीईओ हटाए गए…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के छिन्दवाड़ा जिले में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत विकासखंड हर्रई में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। शिक्षकों द्वारा दिए गए ज्ञापन की जांच के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) हर्रई प्रकाश कलम्बे को उनके पदीय दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड हर्रई के शिक्षकों द्वारा 24 दिसंबर 2025 को तहसीलदार हर्रई को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं की जांच हेतु कलेक्टर कार्यालय जनजातीय कार्य विभाग द्वारा समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन दिनांक 11 जनवरी 2026 के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

विभाग द्वारा जारी आदेश

प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किशोर पांडे, उच्च माध्यमिक शिक्षक, शासकीय संदीपनी विद्यालय हर्रई (वर्तमान में प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक तामिया) को अपने वर्तमान दायित्व के साथ-साथ अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हर्रई का प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार सौंपा गया है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय हर्रई डीडीओ कार्यालय होने के कारण श्री किशोर पांडे को मध्यप्रदेश कोष संहिता भाग-01 के नियम 125 के अंतर्गत आहरण एवं संवितरण के अधिकार भी प्रदान किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रकाश कलम्बे को निर्देशित किया गया है कि वे समस्त प्रभार नए प्रभारी अधिकारी को सौंपकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *