Breaking News : जनप्रतिनिधियों की मांग का असर ! डिंडौरी में स्थायी अधिकारी की मांग के बाद शासन ने की कार्रवाई, विकास खंड अधिकारी की नियुक्ति के आदेश जारी…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जनपद पंचायत डिण्डौरी में लंबे समय से स्थायी प्रशासनिक अधिकारी की कमी से जूझ रही पंचायत व्यवस्था को लेकर उठ रही जनप्रतिनिधियों की आवाज़ के बाद राज्य शासन ने बड़ा कदम उठाया है। मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य सेवा परीक्षा 2021 के आधार पर अनुपूरक सूची से अनुशंसित पंकज देवडा को विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्त करते हुए जनपद पंचायत डिण्डौरी में पदस्थ करने के आदेश जारी किए हैं।

यह आदेश 9 जनवरी 2026 को विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल द्वारा जारी किया गया है। नियुक्त अधिकारी को ₹36,200 से ₹1,14,800 के वेतनमान में दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है। परिवीक्षा अवधि के दौरान कार्य संतोषजनक पाए जाने पर ही स्थायीकरण की कार्यवाही की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे जनपद पंचायत डिण्डौरी के जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल द्वारा 3 नवंबर 2025 को जिला प्रभारी मंत्री को पत्र लिखकर जनपद पंचायत में स्थायी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की मांग की गई थी। पत्र में उल्लेख किया गया था कि मेहंदवानी जनपद पंचायत के सीईओ को अतिरिक्त रूप से डिण्डौरी एवं शहपुरा जनपद का प्रभार सौंपे जाने के कारण डिण्डौरी जनपद की कार्यप्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, लेकिन अधिकारी की अनुपस्थिति में वे निराश होकर लौटने को मजबूर थे।

इस स्थिति के चलते विकास कार्य, प्रस्तावों की स्वीकृति, भुगतान एवं पंचायत गतिविधियाँ प्रभावित हो रही थीं, जिससे ग्रामीण अंचलों में असंतोष का माहौल बन गया था। जनप्रतिनिधियों ने इसे जनहित का गंभीर विषय बताते हुए शीघ्र स्थायी नियुक्ति की मांग की थी।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश को इसी मांग के परिप्रेक्ष्य में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि यह नियुक्ति विकास खंड अधिकारी के पद पर की गई है, लेकिन इससे जनपद पंचायत डिण्डौरी की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने और कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए जनपद में शीघ्र पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति की भी अपेक्षा जताई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *