मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के शासकीय, ई.पी.ई.एस. प्राथमिक–माध्यमिक शाला बंधाटोला की प्रधानाध्यापक रेखा गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई स्कूल में मध्याह्न भोजन संचालन के दौरान समूह अध्यक्ष से रुपए की मांग करने और रसोइयों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपों के आधार पर की गई है।
मध्यप्रदेश शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल द्वारा संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शिकायत मिली थी कि प्रधानाध्यापक ने स्कूल में रसोइयों के साथ अनुचित व्यवहार किया और समूह अध्यक्ष से मारपीट की। जांच में ये आरोप सत्य पाए गए।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने रेखा गौतम को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (क) के तहत निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी, विकास खंड मानपुर, जिला उमरिया नियत किया गया है। शासन के नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
