Big Breaking : PWD के कार्यपालन यंत्री के ठिकानों पर EOW का छापा, करीब 11 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा…

Rathore Ramshay Mardan
5 Min Read

 

छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल में एक साथ तलाशी; मकान, फार्म हाउस, वाहन, जेवर और बैंक खातों की जांच जारी

 

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOW की टीम ने 3 सितंबर 2026 को आरोपी के छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल स्थित आवास एवं परिसरों में एक साथ तलाशी ली। अब तक की जांच में करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा होने की जानकारी सामने आई है।

 

EOW के प्रेस नोट के अनुसार, कमल किशोर सिंगारे, पिता तेजी लाल सिंगारे, वर्तमान में लोक निर्माण विभाग बालाघाट में कार्यपालन यंत्री के पद पर पदस्थ हैं। उनके विरुद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

 

तीन शहरों में एक साथ पहुंची EOW की टीमें

 

EOW ने आरोपी के छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल स्थित आवास एवं परिसरों की तलाशी के लिए तीन टीमों का गठन किया। तलाशी कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान मकान, फार्म हाउस, बैंक खातों, दस्तावेजों, नकदी और अन्य संपत्तियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

 

छिंदवाड़ा के मकान में करोड़ों की संपत्ति

 

तलाशी में छिंदवाड़ा स्थित आवास में भूमि एवं मकान की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 7.50 लाख रुपये नकद, घरेलू सामान की करीब 1 करोड़ रुपये की इन्वेंट्री और लगभग 350 ग्राम सोने के आभूषण मिलने की जानकारी प्रेस नोट में दी गई है।

 

वहीं चांदी के आभूषण, महंगे वाहन और अन्य संपत्तियां भी जांच में सामने आई हैं। तलाशी में महिंद्रा XUV700 करीब 22 लाख रुपये, महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन करीब 27 लाख रुपये और तीन मोटरसाइकिल करीब 4 लाख रुपये मूल्य की दर्ज की गई हैं।

 

1.50 करोड़ का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी जांच के दायरे में

 

EOW की जांच में आरोपी से संबंधित करीब 1.50 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस में भूमि एवं निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान लगाया गया है। फार्म हाउस से एक महिंद्रा ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य कृषि उपकरणों की जानकारी भी सामने आई है।

बालाघाट में नकदी, भोपाल में भी संपत्ति

बालाघाट स्थित शासकीय आवास से करीब 2.50 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी दी गई है। वहीं भोपाल स्थित आवास में भूमि एवं मकान की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये तथा घरेलू सामान की इन्वेंट्री करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।

12 बैंक खातों की भी जांच

EOW के अनुसार आरोपी और उसके परिजनों के नाम से विभिन्न बैंक शाखाओं में 12 खाते संचालित होने की जानकारी मिली है। इन खातों में जमा राशि का विवरण अभी जुटाया जा रहा है। बैंक खातों और लॉकरों की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

 

जांच अभी जारी, बढ़ सकता है संपत्ति का आंकड़ा

 

EOW के प्रेस नोट में कहा गया है कि अब तक की कार्रवाई में आरोपी की करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है। हालांकि बैंक खातों, दस्तावेजों, लॉकरों और फार्म हाउस की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान और संपत्तियों का पता चलने की संभावना जताई गई है।

 

मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। EOW अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी की घोषित आय की तुलना में इतनी संपत्ति कैसे अर्जित हुई।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *