— डिंडौरी में खाद्य कारोबारियों पर कार्रवाई: नियमों की अनदेखी पड़ी भारी
डिंडौरी। जिले में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान जबलपुर बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न होटल, भोजनालय और किराना दुकानों की सघन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान श्री गुरु कृपा जैन भोजनालय बिना वैध पंजीयन के संचालित पाया गया। यहां खाद्य सामग्री खुले में रखकर बेची जा रही थी। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने भोजनालय को तत्काल बंद करवा दिया। साथ ही उपयोग में लाए जा रहे पके तेल और टमाटर चटनी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वैध पंजीयन और निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।इसी क्रम में मोले होटल में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां साफ-सफाई का अभाव और खुले में खाद्य विक्रय पाया गया। किचन की खराब स्थिति को देखते हुए संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा जसवंत किराना और सरोज किराना का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।मनोहर चाय से कोकोनट वाटर और बिस्किट के नमूने लिए गए, जबकि श्री नर्मदा फूड एंड बेवरेज से एनर्जी ड्रिंक का सैंपल जांच हेतु भेजा गया। मदन होटल में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी, टूटा फर्श, पानी निकासी की खराब व्यवस्था और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण पाया गया। यहां भी सुधार सूचना नोटिस जारी करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए खाद्य व्यवसायियों और आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य भंडारण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
