— 6 भवन समय-सीमा में पूरे नहीं हुए, PM जनमन योजना के 4 भवनों का काम शुरू तक नहीं; 15 दिन में सुधार के निर्देश…
डिंडौरी। जिले में आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य में लापरवाही और देरी को लेकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया है। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर चार उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित उपयंत्रियों को 15 दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ अथवा पूर्ण कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
31 अगस्त 2026 को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत करंजिया में उपयंत्री (संविदा) VB-GRAMG संदीप शुक्ला और जॉन अनुग्रह देवड़ा द्वारा 03-03 आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
इसी तरह जनपद पंचायत डिंडौरी में उपयंत्री (संविदा) VB-GRAMG अमित नानोटे और सुनील धुर्वे द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वीकृत 02-02 आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया।
कलेक्टर ने चारों उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिवस के भीतर निर्धारित कार्यवाही पूरी कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।



