— बुधवार सुबह घर से हुई थी लापता, दूसरे दिन खोज अभियान के दौरान खेत के कुएं से बरामद हुआ शव, पुलिस जांच में जुटी
डिंडौरी। जिले समनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डूंगरिया में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से लापता हुई मासूम की तलाश में परिजन, ग्रामीण और पुलिस दिनभर एवं देर रात तक जुटे रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को दोबारा शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान घर के पीछे स्थित खेत के कुएं से बच्ची का शव बरामद होने पर पूरे गांव में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डूंगरिया निवासी रमेश और पार्वती की ढाई वर्षीय पुत्री सौम्या बुधवार सुबह अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। सूचना मिलने पर समनापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक खोजबीन की गई।
गुरुवार सुबह पुलिस ने एक बार फिर खोज अभियान चलाया। इस दौरान घर के पीछे खेत में बने कुएं की तलाशी ली गई, जहां दोपहर करीब एक बजे पानी में एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान लापता मासूम सौम्या के रूप में हुई।
मासूम का शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। समनापुर पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मासूम की असमय मौत से पूरे डूंगरिया गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए छोटे बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता बताई है।
