— प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने जारी किए आदेश, संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
भोपाल/डिंडौरी । भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा मध्यप्रदेश ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के 14 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने नियुक्तियों की घोषणा करते हुए आदेश जारी किए हैं।
जारी सूची के अनुसार डिंडौरी जिले में राजकुमार मांगोरे को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं जबलपुर में दशरथ पटेल, कटनी में प्रदीप साहू, उमरिया में नागेन्द्र पटेल, मंडला में सुनीत चौरसिया, बालाघाट में झामसिंह नागेश्वर तथा रीवा में राजेन्द्र (राजेश) यादव को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
दूसरी सूची में मैहर से सत्यभान सिंह पटेल, टीकमगढ़ से हरप्रसाद कुशवाह, बड़वानी से हरीश मुकाती, धार ग्रामीण से हीरालाल ब्रजवासी, दमोह से प्रमोद विश्वकर्मा, सीधी से मुनिराज विश्वकर्मा तथा पन्ना से गोविंद कुशवाह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व ने नव नियुक्त जिलाध्यक्षों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पिछड़ा वर्ग समाज के बीच पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपेक्षा जताई है। नियुक्तियों को संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


