— राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी की शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की प्रवेश तिथियां
— बीएड, डीएलएड सहित विभिन्न कोर्सों में प्रवेश हेतु एमपी ऑनलाइन से होंगे आवेदन
भोपाल। राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु समय-सारणी जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एम.एड., बी.एड., डी.एल.एड., डी.पी.एस.ई., पी.जी.डी.ई.एल.टी., एम.ए. मनोविज्ञान (व्यवहारिक) एवं पी.जी.डी.जी.सी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अलग-अलग तिथियों में आयोजित की जाएगी।
यह प्रवेश प्रक्रिया प्रदेश के प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, शासकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), आंग्ल भाषा प्रशिक्षण संस्थान, पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान तथा मनोविज्ञान शिक्षा एवं संदर्शन महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए लागू होगी।
राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर संचालक डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार राज्य शिक्षा केन्द्र की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
— प्रवेश कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
डी.एल.एड. : 15 मई से 14 अगस्त 2026
बी.एड. : 25 मई से 27 जुलाई 2026
एम.एड. : 1 जून से 30 जुलाई 2026
पी.जी.डी.ई.एल.टी. : 3 जून से 22 जून 2026
डी.पी.एस.ई. : 8 जून से 31 जुलाई 2026
एम.ए. मनोविज्ञान एवं पी.जी.डी.जी.सी. : 8 जून से 31 जुलाई 2026
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदन एवं प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही संपन्न की जाएगी
सोर्स:— राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन।
