— विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का सख्त एक्शन: दो महीने से बंद मुख्य मार्ग खुद खड़े होकर खुलवाया
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा नगर में दो महीने से बंद पड़े मुख्य मार्ग को लेकर आखिरकार स्थानीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार सुबह विधायक खुद मौके पर पहुंचे और बीच सड़क पर खड़े होकर रास्ता खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक नगर के अंदर का मुख्य कच्चा मार्ग डिवाइडर निर्माण के नाम पर पिछले दो महीनों से बंद था। इससे व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी और लोगों को मजबूरी में रॉन्ग साइड से वाहन चलाना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे से शिकायत की थी। इसके बाद विधायक ने खुद पहल करते हुए मौके पर पहुंचकर रास्ते को बंद करने के लिए लगाए गए पाइप और बैरिकेड्स हटवाए और आम जनता के लिए मार्ग को खोल दिया।
विधायक धुर्वे ने इस मामले में प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि डिवाइडर निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है और अनावश्यक बैरिकेड्स के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने या अनावश्यक अवरोध हटाकर यातायात सुचारु करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और विधायक के इस कदम की सराहना की जा रही है।





