डिंडौरी। जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने करंजिया क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग का मामला उजागर किया है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान के नेतृत्व में टीम ने करंजिया स्थित माँ नर्मदा भोजनालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू उपयोग के लिए जारी एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
मौके से 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर उन्हें अम्बे एचपी गैस, करंजिया की सुपुर्दगी में दिया गया। संबंधित मामले में द्रविकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।





