— किसानों की योजना में बाधा पड़ी भारी, पटवारी पर गिरी निलंबन की गाज
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। फार्मर आईडी निर्माण कार्य में उदासीनता बरतने के आरोप में एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया ने पटवारी हल्का क्रमांक 35 सैलारपुर, तहसील स्लीमनाबाद के पटवारी सुशील परते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटवारी सुशील परते को अपने हल्के के कृषकों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करने एवं संबंधित कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनके द्वारा इस कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं ली गई। लापरवाही पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया था, परंतु तय अवधि समाप्त होने के बाद भी कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

प्रकरण की जांच में यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन पाया गया, जिसे कदाचार की श्रेणी में माना गया है। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी सुशील परते का मुख्यालय तहसील कार्यालय स्लीमनाबाद नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
