भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद पर नियुक्ति प्रदान कर दी गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल द्वारा 17 फरवरी 2026 को नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार चयनित अधिकारियों को मध्यप्रदेश राज्य नगरीय प्रशासनिक सेवा के अंतर्गत ‘ग’ श्रेणी में सातवें वेतनमान के लेवल-9 पर नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर संबंधित नगरीय निकायों में पदस्थ किया गया है।
इन नगरीय निकायों में हुई पदस्थापना
जारी आदेश क्रमांक 730/1651175/2025/18-1 के अंतर्गत अक्षय गर्ग को नगर परिषद बड़ामलहरा, जिला छतरपुर, लोकेश बौरिया को नगर परिषद मनासा, जिला नीमच तथा योगेश बघी को नगर परिषद सेमरिया, जिला रीवा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया है। वहीं आदेश क्रमांक 728/1651175/2025/18-1 के तहत सौरभ को नगर परिषद सबलगढ़, जिला मुरैना में सीएमओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व जिला चिकित्सालय बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। नियुक्ति आदेश जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर संबंधित नगरीय निकाय में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी। चयनित अधिकारियों की वरिष्ठता लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा जारी चयन सूची के क्रम के अनुसार निर्धारित की जाएगी। सभी अधिकारी नवीन अंशदायी पेंशन योजना 2005 के अंतर्गत शामिल होंगे।
—नगरीय प्रशासन को मिलेगी मजबूती
प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की नियुक्ति से नगरीय निकायों के प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत संरचना विकास और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


