भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत दिनांक 22 जनवरी 2026 (गुरुवार) को राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। यह वीडियो कॉन्फ्रेंस आयुक्त, मनरेगा की अध्यक्षता में प्रातः 10.30 बजे से एनआईसी (NIC) के माध्यम से आयोजित होगी। इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा), मुख्य कार्यपालन अधिकारी/अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक सहित परियोजना अधिकारी, लेखाधिकारी, सीनियर डाटा मैनेजर, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत तथा सहायक लेखाधिकारी जनपद पंचायत की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में लेबर नियोजन, लेबर बजट 2026-27, जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 की कार्यपूर्णता, “एक बगिया मां के नाम” गंगोत्री हरित परियोजना एवं नर्मदा परिक्रमा पथ पौधारोपण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही लेबर बजट के अनुरूप शेष मानव दिवस एवं प्रगतिरत कार्यों हेतु नवीन कार्य स्वीकृति, आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों, गौशाला संचालन, सामग्री एवं प्रशासनिक मद में व्यय की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा जॉबकार्ड के-वाई-सी सत्यापन, युक्तधारा पोर्टल में प्रविष्टि, नरेगा सॉफ्ट में पूर्ण आवास कार्यों की लंबित मजदूरी, सीएम हेल्पलाइन के 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों तथा राज्य स्तर से प्रेषित शिकायतों की लंबित जांच रिपोर्ट की भी समीक्षा की जाएगी। वहीं प्रोजेक्ट उन्नति अंतर्गत जिलावार लक्ष्यों के अनुसार चयनित हितग्राहियों की प्रगति पर भी चर्चा होगी। मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं।
