गुना। अवैध शराब माफियाओं पर नकेल कसते हुए गुना जिले के धरनावदा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान एक ट्रक से छुपाकर ले जाई जा रही 301 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पूरे प्रकरण में कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 49 लाख रुपये पहुंचता है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध शराब की सप्लाई एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जा रही है।




