भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद किसानों को 10 घंटे बिजली आपूर्ति से जुड़ी विवादित अधिसूचना पर बड़ा एक्शन लिया गया है। ऊर्जा विभाग, मध्यप्रदेश ने बुधवार को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (मध्यांचल) के मुख्य महाप्रबंधक को उनके पद से हटाने का आदेश जारी किया। ऊर्जा विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि “किसानों का हित सर्वोपरि है।” मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश (क्रमांक: 1578/2025/MKVVCL, दिनांक 05 नवंबर 2025) के अनुसार, मुख्य महाप्रबंधक (O&M सेक्शन) अजय कुमार जैन को हटाकर गैर-पारंपरिक ऊर्जा (Non-Conventional Energy) सेक्शन में पदस्थ किया गया है। वहीं, आर.पी. चौबे, उप मुख्य महाप्रबंधक को O&M सेक्शन का प्रभार सौंपा गया है।
बता दें कि यह कदम उस विवाद के बाद उठाया गया जिसमें किसानों को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति को लेकर जारी परिपत्र पर असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी थी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि किसानों को 10 घंटे बिजली आपूर्ति की नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऊर्जा विभाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह के संवेदनशील विषयों पर बिना उच्च अनुमति के परिपत्र जारी करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।





