डिंडौरी। जबलपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा थाना शहपुरा क्षेत्र के ग्राम देवरी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बालिका को तत्काल शहपुरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने टक्कर के बाद भाग रहे ट्रक को कुछ दूरी पर रोक लिया, हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, “थाना शहपुरा क्षेत्र के ग्राम कोहनी देवरी के पास मोटरसाइकिल व ट्रेलर की भिड़ंत में एक पुरुष, दो महिला और एक बालिका की मृत्यु हुई है। वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। वाहन जब्त कर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई है। मृतक सभी कुंडम क्षेत्र के आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।
