डिंडौरी। राष्ट्रीय सायबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत जिला पुलिस डिंडौरी द्वारा आम नागरिकों को सायबर अपराधों से जागरूक करने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “आपका डेटा, आपकी सुरक्षा” रखी गई, जिसके माध्यम से लोगों को डिजिटल सुरक्षा और सतर्कता के महत्व से अवगत कराया गया।
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों — बस स्टैण्ड शहपुरा, कस्बा मेहंदवानी, कल्याणी तिराहा समनापुर, फडकी तिराहा शाहपुर, स्कूल कालोनी करंजिया, ग्राम चाड़ा एवं सागरटोला चौराहा — पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में नागरिकों को बताया गया कि सायबर ठग डराने या जल्दबाज़ी में निर्णय लेने के लिए “खाता निलंबित”, “अब कार्रवाई करें” जैसे संदेश भेजते हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बैंक खाता और डेटा की चोरी हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश, कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी सायबर अपराध की सूचना तुरंत सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें। डिंडौरी पुलिस ने कहा कि सायबर सुरक्षा केवल पुलिस या सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सतर्कता और सावधानी से ही डिजिटल दुनिया में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।





