मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के वनग्रामों में पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र प्रदान करने और लंबित मामलों के समाधान हेतु बुधवार को कलेक्टर नेहा मारव्या द्वारा गिठौरी ग्राम पंचायत के अंतर्गत गोरखपुर, खुदरपानी, टांडाटोला एवं नीचेटोला गांवों में चौपाल का आयोजन किया गया।
गोरखपुर गांव में बरगद के पेड़ के नीचे ग्रामवासियों के साथ हुई चौपाल में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों से वनाधिकार संबंधित समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान 95 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने ग्राम स्तरीय समिति, पटवारी, बीटगार्ड और सचिव को निर्देशित किया कि दो दिवस के भीतर सभी आवेदनों की जाँच कर कार्यवाही पूर्ण करें। पात्र हितग्राहियों की फाइल ग्राम समिति द्वारा प्रस्तुत की जाए और लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही होगी।
ग्रामवासियों ने बरसात के दौरान आने वाली समस्याओं को भी सामने रखा, जिसमें बताया गया कि कच्चे रास्ते और पुलिया न होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। कलेक्टर ने 4 किमी लंबे पक्के पहुंच मार्ग निर्माण के लिए पीएमजीएसवाई अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है।
