— लोक शिक्षण संचालनालय का आदेश जारी, कार्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों का अमला भी दायरे में शामिल
भोपाल। मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत शासकीय कर्मचारियों के लिए ई-अटेंडेंस अनिवार्य कर दी है। जारी आदेश के अनुसार अब 1 जुलाई 2026 से सभी कर्मचारी नियमित रूप से ‘हमारे शिक्षक’ प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
— जारी आदेश के मुताबिक
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि पूर्व में शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। अब इन्हीं निर्देशों का विस्तार करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन सभी कार्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत शासकीय अमले को भी इस व्यवस्था के दायरे में शामिल किया गया है।
आदेश के अनुसार ‘हमारे शिक्षक’ प्रणाली के क्रियान्वयन संबंधी सभी दिशा-निर्देश विभाग के समस्त कार्यालयों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों तथा प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होंगे। संबंधित कार्यालय प्रमुख एवं संस्थान प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारी ऑनलाइन होकर समय पर उपस्थिति एवं अवकाश की जानकारी प्रणाली में दर्ज करें।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह एवं राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस निर्णय से विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

