Viksit Bharat Mission : जुलाई से शुरू होगा ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’, सभी जिलों में होंगे जन सम्मेलन-सह-लॉन्च कार्यक्रम….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद ने जारी किए निर्देश, प्रत्येक जिले को कार्यक्रम आयोजन के लिए 1 लाख रुपये तक की स्वीकृति

भोपाल । केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) [VB-G RAM-G]’ का राष्ट्रीय शुभारंभ 2 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सहित देश के सभी जिलों में जन सम्मेलन-सह-लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी कलेक्टरों एवं जिला कार्यक्रम समन्वयकों को कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर का शुभारंभ आंध्र प्रदेश के तिरुपति से सुबह 11 बजे होगा, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों और जिलों को जोड़ा जाएगा।

 

निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों के सदस्य, मनरेगा श्रमिक, हितग्राही, युवा तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नए विकास कार्यों का शुभारंभ, योजना की जानकारी, सफलता की कहानियों का प्रदर्शन, प्रदर्शनी, पोस्टर-बैनर, डिजिटल प्रणाली एवं 125 दिनों की रोजगार गारंटी सहित योजना के प्रमुख प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

 

राज्य रोजगार गारंटी परिषद ने कार्यक्रम के आयोजन, प्रचार-प्रसार, प्रदर्शनी एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रत्येक जिले को एक लाख रुपये तक व्यय करने की अनुमति दी है। साथ ही कार्यक्रम से पूर्व प्रेस एडवाइजरी और कार्यक्रम के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

 

जिलों को कार्यक्रम स्थल, नोडल अधिकारी एवं आयोजन की विस्तृत जानकारी समय सीमा के भीतर राज्य स्तर पर भेजने तथा कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो निर्धारित तिथि तक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य इस मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आजीविका को सुदृढ़ करना और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देना है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *