— एक प्रधान आरक्षक बने एएसआई, आठ आरक्षक बने प्रधान आरक्षक; एसपी ने कहा—पदोन्नति सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी, जनसेवा और अनुशासन को दें सर्वोच्च प्राथमिकता।
डिंडौरी। जिला पुलिस बल में शुक्रवार को पदोन्नति प्राप्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वरिष्ठ पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने 9 पुलिस कर्मियों को उनके नवीन पद का कार्यभार सौंपते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहें।




कार्यक्रम में एक कर्मचारी को प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत किया गया। इनमें राजेश सोनी को एएसआई बनाया गया। वहीं आठ आरक्षकों को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई। इनमें भीकम सिंह मार्को, विवेक सिंह, नरेन्द्र प्रताप सिंह, खेम सिंह सैयाम, सेम सिंह बैगा, जगन्नाथ सिंह बट्टे, प्रमोद कुमार पटेरिया और विकास कुमार सूर्या शामिल हैं।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी पदोन्नत साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पुलिस ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदोन्नत अधिकारी और कर्मचारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा से विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
