डिंडौरी। माँ नर्मदा जयंती पर्व के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को डिंडौरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। जारी एडवाइजरी के अनुसार 25 जनवरी को प्रातः 8 बजे से शहर के भीतर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। शहर में प्रवेश केवल पैदल यात्रियों के लिए मान्य रहेगा।

यातायात पुलिस ने बताया कि दिव्यांगजन एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों से ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है, जिससे वे आसानी से दर्शन स्थल तक पहुंच सकें।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
जबलपुर रोड से आने वाले श्रद्धालु चन्द्र विजय कॉलेज ग्राउंड में अपने वाहन पार्क करेंगे। मुड़की रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोणार्क गार्डन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मण्डला बायपास रोड से आने वाले वाहन कस्तूरबा कन्या शाला मैदान एवं नवीन यातायात थाना परिसर में खड़े किए जाएंगे। वहीं अमरकंटक एवं समनापुर मार्ग से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन खनूजा कॉलोनी अथवा कलेक्ट्रेट खेल मैदान में पार्क कर पैदल शहर में प्रवेश करेंगे।
रूट डायवर्जन व्यवस्था
मुड़की की ओर से मण्डला एवं जबलपुर जाने वाले वाहनों को जोगीटिकरिया मार्ग से भेजा जाएगा। अमरकंटक एवं समनापुर से जबलपुर व मण्डला जाने वाले वाहनों को बायपास मार्ग का उपयोग करना होगा। मुख्य शहरी मार्गों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अस्थायी बस स्टैंड
जबलपुर रोड से आने-जाने वाली बसों के लिए केन्द्रीय विद्यालय ग्राउंड, गुडकी रोड की बसों के लिए डी.पी.एस. स्कूल ग्राउंड तथा मण्डला, अमरकंटक एवं समनापुर रोड की बसों के लिए मण्डला रोड बस स्टैंड निर्धारित किया गया है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए थाना प्रभारी यातायात सुभाष उईके से मोबाइल नंबर 8305599305 पर संपर्क किया जा सकता है।




