भोपाल | शासकीय शिक्षक संगठन की प्रांतीय बैठक रविवार को तुलसी नगर, भोपाल में गरिमामयी रूप से सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राकेश दुबे ने की। इस महत्त्वपूर्ण सम्मेलन में प्रदेशभर से जिला अध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य तथा हजारों शिक्षक सहभागी बने।
बैठक में शिक्षाकर्मियों, संविदा शिक्षकों एवं गुरुजियों को एक साथ नियुक्त कर प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों पर समायोजित करने के पश्चात उनकी 18 वर्षों की सेवा शून्य माने जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। संगठन ने प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देने की मांग को प्रमुखता से उठाया और इसे लेकर सरकार व प्रशासन के समक्ष पुरजोर प्रयास करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर संगठन ने यह संकल्प लिया कि शिक्षा, शिक्षार्थी और शिक्षा प्रणाली के समग्र विकास के साथ-साथ शिक्षकों को उनके वास्तविक अधिकारों की प्राप्ति के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया को सरल बनाने, प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता देने, तथा ग्रेच्युटी राशि के शीघ्र भुगतान की मांग प्रमुखता से रखी गई। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षकगण अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे, लेकिन साथ ही अपने हितों की अनदेखी नहीं होने देंगे।
