Teacher Suspension News : जनगणना कार्य में कोताही पर गिरी गाज, प्राथमिक शिक्षक सस्पेंड…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में जनगणना कार्य में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ऊषा परमार ने जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर एक प्राथमिक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, तहसील पवई के अंतर्गत आने वाले विकासखंड पवई की माध्यमिक शाला पटनाकला में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक मनोज कुमार खम्परिया को जनगणना कार्य के तहत प्रगणक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए 15 अप्रैल से प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, लेकिन प्रशिक्षण के पहले ही दिन शिक्षक ने निर्धारित केंद्र पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई।

 

बताया गया कि संबंधित शिक्षक से व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और न ही किसी प्रकार की प्रतिक्रिया दी। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी पवई के प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

 

निलंबन अवधि के दौरान मनोज कुमार खम्परिया का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय शाहनगर निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *