मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) रामबाबू देवांगन ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया, हायर सेकेंडरी स्कूल गोरखपुर एवं बजाग का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र करंजिया में बीएमओ डॉ. गोपाल मरावी एवं डॉ. आस्था द्विवेदी अनुपस्थित पाए गए। कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
वहीं गोरखपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था, पुस्तकें और अध्ययन स्तर की समीक्षा की गई। इस दौरान शिक्षा का स्तर कमजोर पाया गया, जिस पर एसडीएम ने प्राचार्य एवं संबंधित विषय शिक्षकों को सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि मूलभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




