भोपाल। मध्यप्रदेश में दिवंगत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को राहत देने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले 4-5 दिनों में 851 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। शनिवार को ही 251 और नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पात्र परिवारों को उनके अधिकार समय पर मिलें और लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए 27 सितंबर से कर्मचारी कल्याण शिविर भी शुरू किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं और शिकायतों का विवरण ऑनलाइन प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की व्यवस्था की जाएगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के आदेश जारी होने से दिवंगत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। विभाग द्वारा लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया को आगे भी गति देने पर जोर दिया जा रहा है।

