— मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामूहिक विवाह सम्पन्न
डिंडौरी। उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वाधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत डिंडौरी के कुल 200 वर-वधु वैवाहिक बंधन में बंधे।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी सहित अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
सामूहिक विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह सम्पन्न कराए गए। धर्मगुरुओं द्वारा मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गुदुम बाजा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। बारात शासकीय माध्यमिक विद्यालय से निकाली गई, जो मुख्य मार्ग से होते हुए समारोह स्थल पहुंची।
विधायक ओमकार मरकाम ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए वैवाहिक जीवन को जिम्मेदारी और विश्वास का बंधन बताया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। वहीं, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने योजना को डिंडौरी से शुरू होने की बात कहते हुए इसे प्रदेशभर में लागू होने पर खुशी जताई। उन्होंने नवदंपतियों को सुरक्षित जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद लाभकारी है, जिससे विवाह प्रक्रिया सरल और सम्मानजनक बनी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए समाज में समानता और पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी वर-वधुओं को शासन की ओर से 49,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। साथ ही, नववधुओं के आवश्यक दस्तावेज जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं समग्र आईडी बनवाने के निर्देश भी दिए गए। समारोह में बड़ी संख्या में परिजन और आमजन शामिल हुए। सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ।




