Revenue Department Action : शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई का विरोध, गांव में दिनभर चला हाई वोल्टेज ड्रामा….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

सड़क बाधित होने की शिकायत पर पहुंचा प्रशासन, कार्रवाई के दौरान हुआ हंगामा

डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खाम्हा के किसान टोला में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को शुक्रवार को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। देर शाम समझाइश और बातचीत के बाद हालात सामान्य हो सके।

 

जानकारी के अनुसार किसान टोला में करीब 12 लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण किए जाने की शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई थी। आरोप था कि इन निर्माणों के कारण गांव का मुख्य मार्ग प्रभावित हो गया था और वाहनों के आवागमन में लगातार परेशानी आ रही थी। ग्राम पंचायत एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत कर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।

 

शिकायतों के आधार पर समनापुर तहसीलदार राजस्व अमले एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की। प्रशासन ने एक अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी कर ली, लेकिन दूसरे निर्माण को हटाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासनिक अमले को घेर लिया।

 

स्थिति को बिगड़ता देख अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को समझाइश दी गई और काफी देर तक चली चर्चा के बाद मामला शांत कराया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला सुरक्षित रूप से गांव से बाहर निकला।

 

ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि पर किए गए निर्माणों के कारण सड़क मार्ग संकरा हो गया था, जिससे आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी हुई थी। इसी वजह से ग्रामीण लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियात के तौर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगामी दिनों में पुनः शुरू की जा सकती है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *