डिंडौरी। पुलिस परेड मैदान डिंडौरी में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा जनता के नाम माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने खुले आसमान में गुब्बारे छोड़कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस बैंड की मधुर धुन पर राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे समारोह स्थल देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता सारस, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, डीएफओ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
परेड व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर ने परेड निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। परेड में 36वीं बटालियन एसएफ, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, होमगार्ड, वनपाल दल, रेडक्रॉस, शौर्या दल एवं विभिन्न विद्यालयों के दल शामिल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परेड दलों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सरस्वती ज्ञान मंदिर, कस्तूरबा कन्या विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय करंजिया सहित अन्य विद्यालयों ने जय जवान-जय किसान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडौरी को प्राप्त हुआ।
योजनाओं पर आधारित झांकियों ने किया आकर्षित
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गईं। वन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि विभाग, जल जीवन मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन एवं यातायात पुलिस विभाग की झांकियों ने जनसमुदाय का ध्यान आकर्षित किया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने श्रेष्ठ झांकी प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कृत किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
