डिंडौरी। म.प्र. लोक सेवा आयोग की आगामी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। संभागीय नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की।
जिला परीक्षा प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक ने बताया कि 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जिले के तीन केन्द्रों पर कुल 1033 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें उत्कृष्ट विद्यालय में 382, एकलव्य विद्यालय में 350 और पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में 300 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:15 बजे से 4:15 बजे तक होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित समय से 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य रहेगा।
इस बार परीक्षा में त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है, जिसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और एचएचएमडी के जरिए तलाशी शामिल है। प्रशासन ने सभी केन्द्रों पर विद्युत, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केन्द्र में अभ्यर्थी केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, निर्धारित पेन, स्वयं का फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल ही ले जा सकेंगे। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, घड़ी सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा बैग, किताबें, बेल्ट, चाबी, लाइटर और अन्य सामान भी निषिद्ध रहेगा।
धार्मिक प्रतीकों जैसे हिजाब, पगड़ी, ताबीज आदि का परीक्षण किया जाएगा, लेकिन उन्हें हटाने की बाध्यता नहीं होगी। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए रैम्प, व्हीलचेयर, भूतल पर बैठने की व्यवस्था और अतिरिक्त समय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और परीक्षा केन्द्रों के प्रभारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




