भोपाल में आयोजित “ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महासम्मेलन” में शामिल होने जा रहे रतलाम जिले के ग्राम रोजगार सहायकों की वाहन मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। देवास रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से तूफान वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो सहायक सचिवों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज देवास के अमलतास अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार रतलाम जिले से 12 ग्राम रोजगार सहायक एवं सहायक सचिव मंगलवार रात भोपाल के लिए रवाना हुए थे। देर रात करीब 2 बजे देवास रोड पर उनकी वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सैलाना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम करिया के सहायक सचिव लखन तथा ग्राम कांगसी के सहायक सचिव हुर्जी मईड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि ग्राम ताला बोर्डी के चौक सिंह डामर और प्यारेलाल खराड़ी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि ग्राम ठीकरिया के कैलाश पारगी का हाथ टूट गया है। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। रतलाम से जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारी देवास रवाना हुए। हादसे के बाद ग्राम रोजगार सहायकों एवं पंचायत विभाग में शोक की लहर फैल गई।मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होने आ रहे दो रोजगार सहायकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सहायकों में शोक और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
