Politics News : “12 साल की उपलब्धियों” पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, डिंडौरी कार्यशाला में चुनावी हुंकार…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिण्डोरी में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय विशाल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला में जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् एवं संगठन गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बनी है क्योंकि यह पार्टी सत्ता नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान जनता के प्रति सेवा, समर्पण और जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

कार्यशाला में संगठन विस्तार, सोशल मीडिया प्रबंधन, बूथ प्रबंधन एवं जनसंपर्क अभियान जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष दिलीप ताम्रकार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अशोक अवधिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *