— सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों से गरमाई राजनीति
— पीएम सड़क योजना के कार्य पर उठे सवाल, जनप्रतिनिधियों ने जांच की मांग की
डिंडौरी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत करंजिया विकासखंड की ग्राम पंचायत धवाडोंगरी क्षेत्र में निर्माणाधीन कनकधारा-जामपानी सड़क अब विवादों में घिर गई है। सड़क निर्माण में अनियमितता, घटिया गुणवत्ता और अवैध मुरुम उत्खनन के आरोपों ने प्रशासनिक अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खुलकर विरोध दर्ज कराया है।
जनपद पंचायत करंजिया अध्यक्ष राजू उद्दे एवं धवाडोंगरी सरपंच ईश्वर सिंह ने निर्माण स्थल पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में कई खामियां सामने आने का दावा किया गया। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा तय मापदंडों और तकनीकी गुणवत्ता की अनदेखी कर सड़क निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड में भी अधूरी जानकारी पाए जाने का आरोप लगाया गया। बताया गया कि बोर्ड पर योजना लागत, निर्माण अवधि और एजेंसी संबंधी जरूरी जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थीं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क का बेस तैयार करते समय रोलर का उपयोग नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना उचित तकनीकी प्रक्रिया अपनाए सड़क निर्माण होने से सड़क जल्द खराब हो सकती है।
निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मुरुम को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि राजस्व भूमि से बिना रॉयल्टी के अवैध रूप से मुरुम निकाली जा रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी दिखाई दे रही है।
— वायरल ऑडियो
इसी बीच संबंधित विभाग के एक इंजीनियर और सरपंच के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। सरपंच ईश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाने पर उन्हें धमकी दी गई। हालांकि वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि “जनधारा न्यूज ” वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता परीक्षण करवाने और दोषी अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
इनका कहना है
पीएम सड़क योजना के तहत पुलिया निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे सरपंच द्वारा रुकवा दिया गया था। इस संबंध में मैंने सरपंच से फोन पर बात की और उन्हें कहा कि यदि कोई समस्या है तो वे सीधे मुझसे संपर्क करें, कार्य को बीच में न रोका जाए। मैंने किसी भी प्रकार की कोई धमकी नहीं दी है।
संजय वर्मा, उपयंत्री (PMGSY)
बाइट — ईश्वर सिंह, सरपंच — ग्राम पंचायत धवाडोंगरी
राजू उद्दे, अध्यक्ष — जनपद पंचायत करंजिया
