मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिला कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) एवं प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उन्नति अभियान (DA-JGUA) अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास हेतु निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय-सीमा में पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, वनाधिकार पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति योजनाएं, कौशल विकास, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सिंचाई, बिजली, सड़क, पेयजल, आजीविका मिशन एवं स्वच्छता अभियान जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं और ग्राम स्तर पर शिविरों के माध्यम से पात्रता परीक्षण एवं लाभ वितरण कार्य किया जाए।
उन्होंने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए। बैठक में आदिवासी कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जल संसाधन, विद्युत, खाद्य एवं नगरीय प्रशासन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


