— डिंडौरी में आज ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन | ऋतेश्वर महाराज करेंगे मां नर्मदा की महाआरती
डिंडौरी। प्रकृति की गोद में बसे वनांचल क्षेत्र डिंडौरी में आज भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राष्ट्रसंत सद्गुरु Riteshwar Ji Maharaj के सानिध्य में आज 9 मार्च (सोमवार) को पतित पावनी Narmada River की भव्य महाआरती और दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर जिलेभर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भक्तों के विशेष आग्रह और अटूट श्रद्धा को स्वीकार करते हुए महाराज श्री ने मां नर्मदा की सेवा और आरती में शामिल होने की सहमति दी है। लंबे समय से श्रद्धालुओं की यह इच्छा थी कि मां नर्मदा की महाआरती राष्ट्रसंत के कर-कमलों से संपन्न हो। उनकी स्वीकृति मिलने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत नगरवासियों द्वारा राष्ट्रसंत के भव्य स्वागत और सत्कार से होगी। इसके बाद शाम 5 बजे स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 6 बजे नर्मदा डैम घाट तट पर सामूहिक दीपदान किया जाएगा, जहां हजारों दीपकों की रोशनी से मां रेवा का तट जगमगा उठेगा। इसके पश्चात रात्रि 7 बजे राष्ट्रसंत के सानिध्य में मां नर्मदा की भव्य महाआरती संपन्न होगी।
नर्मदा मंदिर डैम घाट समिति और समस्त आयोजकों ने जिले के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। श्रद्धालुओं का मानना है कि राष्ट्रसंत के सानिध्य और मां नर्मदा के आशीर्वाद से डिंडौरी की धरा आज भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होगी।




