मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना तहसील अंतर्गत ग्राम जामली राजगढ़ में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक ट्रैक्टर हादसे में 11 लोगों की मौत के बाद प्रदेश शोक में डूब गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं जामली राजगढ़ पहुंचे और मृतकों के परिजनों से भेंट कर अपनी गहन संवेदना व्यक्त की।

वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।” उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख और गंभीर रूप से घायलों के उपचार हेतु ₹1-1 लाख की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिजनों को हर संभव सहायता और न्याय का भरोसा दिलाया।




