— डिंडौरी पुलिस नेतृत्व में बड़ा बदलाव, एएसपी अमित वर्मा का तबादला ! रेखा धर्मेन्द्र सिंह संभालेंगी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी
— मध्यप्रदेश गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों के तबादले कर व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। तबादला सूची में डिंडौरी भी प्रमुख रूप से प्रभावित हुआ है, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा को निवाड़ी भेजा गया है, जबकि रेखा धर्मेन्द्र सिंह को डिंडौरी की नई एएसपी नियुक्त किया गया है।
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा (राणपुरसे) के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए 66 अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं दी हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, उप सेनानी तथा सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को विभिन्न जिलों एवं इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी सूची के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमरिया सीताराम सस्त्या को पुलिस अधीक्षक अजाक रेंज उज्जैन पदस्थ किया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक पीटीएस उमरिया मुकेश कुमार वैश्य को उप सेनानी 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह पुलिस अधीक्षक अजाक रेंज जबलपुर रेखा धर्मेन्द्र सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिंडौरी बनाया गया है।
तबादला सूची में डिंडौरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा को निवाड़ी भेजा गया है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी, शिवपुरी, देवास, रायसेन, खंडवा, गुना, रीवा, बुरहानपुर, अशोकनगर, मझगांव, सीधी, नीमच और सागर सहित कई जिलों में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
गृह विभाग के आदेश में भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों की पुलिस व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सुरक्षा शाखा में पदस्थ कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय भोपाल, विभिन्न जोन कार्यालयों और विशेष सशस्त्र बल की वाहिनियों में भी अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है।
तबादला आदेश में महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। कई महिला अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। इससे राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम माना जा रहा है।
जानकारों के अनुसार लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में राणपुरसे अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। माना जा रहा है कि सरकार ने प्रशासनिक कसावट, कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा विभिन्न जिलों में कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से यह व्यापक फेरबदल किया है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी अपनी नवीन पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे। तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को शीघ्र कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना स्थल पर भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। राज्य में पुलिस प्रशासन के लिहाज से इस आदेश को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे कई जिलों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में पहुंचेगी और पुलिस व्यवस्था में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
